NEET UG 2026 पेपर लीक: राहुल गांधी ने साधा निशाना, कहा- ‘जो छात्रों के भविष्य से खेलते हैं, उन्हें BJP इनाम देती है’
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे ‘गूगल’ करके देखें कि NEET-UG 2024 विवाद से जुड़े पूर्व NTA डायरेक्टर जनरल को अब कहां पोस्ट किया गया है।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक तीखी पोस्ट में आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उन अधिकारियों को संरक्षण और प्रमोशन देती है जो परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े होते हैं। उन्होंने कहा, ‘जो छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करते हैं, उन्हें BJP इनाम देती है।’
गौरतलब है कि NTA ने पेपर लीक और व्यापक अनियमितताओं के आरोपों के बीच NEET-UG 2026 को रद्द कर दिया और दोबारा परीक्षा कराने का आदेश दिया। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है जब देशभर के छात्र और अभिभावक परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल उठा रहे हैं।
राहुल गांधी ने अपनी पोस्ट में लिखा, ‘NEET UG पेपर लीक के बाद NTA के पूर्व डायरेक्टर को अब कहां पोस्ट किया गया है, एक बार गूगल करके देखिए। यही है BJP का मॉडल – जो छात्रों के भविष्य से खेलता है, उसे इनाम दिया जाता है।’
इस बीच, सरकार ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने का दावा किया है, लेकिन विपक्ष लगातार इसे ‘छात्रों के साथ धोखा’ बता रहा है। अब देखना होगा कि दोबारा होने वाली परीक्षा में कितनी पारदर्शिता आती है।
Tags: NEET UG 2026, Rahul Gandhi, NTA paper leak, BJP
